मंडी-हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की राज्य कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक मण्डी में शुरू हुई। बैठक के शुरू में समिति के साथी सुजॉय प्रतिहार सहित रोहड़ू में 12 वर्षीय बच्चे द्वारा की गई आत्महत्या, बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों और बिलासपुर हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।पर्यावरण पर आयोजित सत्र में बैठक में आए प्रतिभागियों ने प्रदेश में बरसात में हुई तबाही और जान-माल के नुकसान पर दुःख प्रकट किया। पर्यावरण उप समिति के राज्य संयोजक और समिति के राज्याध्यक्ष डॉ ओम प्रकाश भूरेटा ने कहा कि हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति बर्बादी के कारणों की जांच-पड़ताल करेगी और तथ्यों का पता लगाकर इस पर आधिकारिक टिप्पणी करेगी। इसके लिए समिति जल्दी ही पर्यावरण विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों की एक टीम बनाकर प्रभाव अध्ययन करेगी।।अध्ययन से निकले नतीजों के आधार पर समिति सरकार को भी अपनी समझ साझा करेगी और इस तरह की तबाही को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग करेगी।उन्होंने कहा कि समिति ने अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है।
बैठक में दूसरा सत्र युवा बचाओ अभियान पर आयोजित किया गया। इस सत्र में प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान पर चर्चा की गई। इस उप समिति के प्रभारी और समिति के सचिव सत्यवान ने समिति द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि समिति इस दिशा में समिति ने राज्यव्यापी गतिविधियां आयोजित की। उन्होंने कहा कि समिति जल्दी ही नशे के मुद्दों पर द व्हाइट ट्रुथ (The White Truth) के नाम से एक वेब सिरीज़ रिलीज़ करने वाली है।बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों ने नशे के सामाजिक, आर्थिक, मनोवैज्ञानिक प्रभाव पर चर्चा की।जबकि दूसरे दिन संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
