मंडी-बुधवार को छात्रों और नौजवानों ने गाडागुसैनी में कॉलेज भवन की मांग को लेकर विशाल रैली का आयोजन किया। रैली महाविद्यालय से शुरू होकर,बाजार से होते हुए बस स्टैंड में जनसभा में परिवर्तित हुई ।
जनसभा को महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष डोला सिंह सचिव जियालाल, उपाध्यक्ष भवानी व नौजवान सभा राज्य सचिव महेंद्र सिंह राणा, एस एफ आई राज्य अध्यक्ष अनिल कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा की आज छात्रों और आम लोगों ने मिलकर यह रैली कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर की है। गौरतलब है कि कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पिछले 10 वर्षों से लटका हुआ है। कॉलेज महाविद्यालय निर्माण कार्य पूरा होने की बजाय लगातार खंडहर बनता जा रहा है।
बिना शटरिंग के सरिया लटक रहे हैं।कांग्रेस और भाजपा दोनों सरकारों ने यंहा की जनता से भेदभाव किया है। 5 वर्ष भाजपा की सरकार रही, कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया बल्कि विभाग और ठेकेदार ने मिलकर निर्माण कार्य पूरा करने के बजाय सरकारी सीमेंट व सरिया का दुरुपयोग किया। कॉलेज भवन अभी आधा भी नहीं बन पाया है। मात्र पिलर खड़े किए गए हैं और बिना शटरिंग की सरिया लटक रही है । जबकि हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने महाविद्यालय प्रशासन को यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट देते हुए शत प्रतिशत, 5 करोड़ खर्च होने का दावा किया है।जबकि असल में मात्र एक करोड़ का भी काम नहीं हुआ है। इसलिए इस कॉलेज भवन निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की बु आ रही है । लोक निर्माण विभाग और ठेकेदारों ने पूर्व भाजपा सरकार के इशारों पर पैसे का दुरुपयोग किया है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री, सराज विधानसभा से संबंध रखते थे और बंजार विधानसभा के विधायक भाजपा से थे। जाहिर सी बात है दोनों नेताओं के इशारे पर उनके लोगों ने भ्रष्टाचार किया है।अब जबकि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को बने हुए 3 वर्ष हो गए हैं परंतु कांग्रेस सरकार भी कॉलेज की सुध नहीं ले रही है। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी यहां पर आए परंतु कॉलेज भवन के निरीक्षण के नाम पर पिकनिक बनाकर चले गए । हालांकि उन्होंने उस समय छात्रों और जनता से वायदा किया था कि शीघ्र ही कॉलेज भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा। लगभग 6 महीने बीत गए, जब उन्होंने यह वादा किया था परंतु आज तक काम शुरू नहीं हुआ। इसलिए मजबूरन छात्रों व नौजवानों को मिलकर आंदोलन करना पड़ा। इससे पहले छात्रों और स्थानीय जनता ने मिलकर महाविद्यालय प्राचार्य और अधिशासी अभियंता बंजार को मांग पत्र दिया था। अभियंता ने भी शीघ्र काम शुरू करने का वायदा किया था। हमारा मानना है कि अधिकारी लगातार सरकार और जनता को गुमराह कर रहे हैं । इसलिए छात्र व नौजवान नेताओं ने अधिशासी अभियंता और प्रदेश सरकार को यह चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के अंदर कॉलेज भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया तो 30 अक्टूबर को सामूहिक भूख हड़ताल की जाएगी और आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। तमाम नेताओं ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर आगे आए। क्योंकि आम लोगों के पास लड़ाई लड़ने के सिवाय दूसरा कोई रास्ता नहीं है। प्रदर्शन में ग्राम पंचायत थाचाधार के पूर्व प्रधान मेघ सिंह किसान सभा के संयोजक हीरालाल, चंद्रेश डोगरा सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे ।
