Oplus_131072
मंडी: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बालीचौकी में कहा कि प्रदेश की सत्तासीन कांग्रेस सरकार में काम करने की इच्छा ही समाप्त हो चुकी है। संकट और दुःख की घड़ी में लोगों की उम्मीद रहती है कि सरकार उनके साथ खड़ी हो लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली ये सरकार जिम्मेदारी से दूर भाग रही है। आपदा पीड़ितों की मदद के लिए सरकार को सारे काम छोड़ युद्धस्तर पर संजीदगी के साथ मदद के लिए आगे आना चाहिए था लेकिन दुर्भाग्य से इस सरकार को कोई परवाह नहीं है।
उन्होंने भरे मंच से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वो जहां एक बच्चे के लिए भी स्कूल खोल देते थे वहीं व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाले ये मुख्यमंत्री ठीक उनके विपरीत चल रहे हैं। वीरभद्र सिंह का हमेशा विकास का नजरिया रहा लेकिन सुक्खू का तो बदले की भावना से काम करना ही एकमात्र ध्येय रह गया है। आज पूरे प्रदेश में विकास थम गया है। एक काम के तीन तीन बार टेंडर लग रहे हैं लेकिन कोई ठेकेदार आगे नहीं आ रहा है क्योंकि जनता की तरह उनका भी भरोसा इस सरकार से उठ चुका है। काम करने के बाबजूद ठेकेदारों को उनकी अदायगी नहीं हो रही है जिससे ठेकेदार काम करने को आगे नहीं आ रहे हैं। लोगों को अभी तक भी फौरी राहत तक नहीं मिल पाई है।
मैंने आज अधिकारियों से इस बारे पूछा तो ये बात सामने आई है। बेघर लोग भीषण सर्दी के बाबजूद लोगों के घरों में ही रातें काटने को विवश है। कहां तो सरकार को अस्थाई टेंट इनके लिए बनाकर देने चाहिए थे। इतने दिन बीत जाने के बावजूद लोगों को राहत राशि नहीं दी जा रही है जबकि सात लाख में से तीन लाख केंद्र सरकार से घर बनाने के लिए मिलता है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज उठाने के लिए हम हैं। हम हर जगह जनता की आवाज उठाएंगे और ये सरकार हमें उनकी समस्याएं उठाने से नहीं रोक सकती है। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने ऐलान किया कि सराज पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा आपदा से प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा घर यहां तबाह हुए हैं और सबसे ज्यादा लोगों की जान भी यहां आपदा में गई। उन्होंने कहा कि आज घोषणा करता हूं कि अपने 3 महीने की सैलरी उन आपदा प्रभावितों जिनके पूरे मकान तबाह हो गए हैं उनके लिए दूँगा। मंगलवार को बालीचौकी में 74 लोगों को राहत के चेक भेंट किए जा रहे हैं वो हमारे आह्वान पर समाजसेवी संस्थाओं की तरफ से आपको दिए जा रहे हैं। मैं सभी ऐसी संस्थाओं का आभार भी व्यक्त करता हूं जिन्होंने आपदा पीड़ितों की मदद को चेक के माध्यम से राशि भेजी है। -सुने क्या बोले सराज के विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर
