मंडी: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बिहार चुनाव प्रचार में जाने और वहां जाकर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। मंडी में जयराम ठाकुर ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू को अपने प्रदेश से ज्यादा बिहार चुनाव की चिंता सता रही है। उन्होंने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री की नजर में प्रदेश में आई इतनी भयंकर आपदा से ज्यादा बिहार चुनाव प्राथमिकता में हैं। यहां सरकार ने डिजास्टर एक्ट लगा रखा है और उसकी आड़ में पंचायत और नगर निगमों के चुनावों को टालने का काम किया जा रहा है लेकिन आपदा प्रभावितों की तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं है। आपदा के बाद जो अस्थाई व्यवस्थाएं की गई थी वह सभी चरमराने लग गई हैं। सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है और ऐसे में आपदा प्रभावितों की चिंताए बढ़ गई हैं लेकिन प्रदेश सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है।जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अपना तीन महीनों का वेतन आपदा प्रभावितों को देने का निर्णय लिया है। इससे प्रभावितों की जो भी यथासंभव मदद हो पाएगी वो करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने अपनी प्रशंसा के लिए नहीं बल्कि आपदा प्रभावितों की मदद के लिए लिया है।
उन्होंने उन सभी दानी सज्जनों का आभार भी जताया जिन्होंने आपदा के समय प्रभावितों की दिल खोलकर मदद की। जयराम ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग और नेता ऐसे हैं जो रोज शाम को सोशल मीडिया पर तफसरा करने बैठ जाते हैं और वहां धरातल की सच्चाई जाने बगैर तथ्यहीन बातें कहने लग जाते हैं। ऐसे लोगों को पहले धरातल की सच्चाई जानने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वे इकलौते ऐसे नेता हैं जो प्रदेश में आई आपदा में अपने क्षेत्र के अलावा उन सभी क्षेत्रों तक पहुंचे जहां लोगों का नुकसान हुआ है। इसलिए सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों को पहले आपदा प्रभावितों के जख्मों को सही ढंग से समझना चाहिए और उसके बाद ही अपनी राय देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास अपने राज्य में चुनाव का सामना करने का साहस नहीं है और बिहार जाकर अपनी झूठ की दुकान सजाकर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश आकर यहां की मातृ शक्ति से माफ़ी मांगे और ऐसा झूठा प्रचार करने से बाज आएं। उन्होंने कहा कि पटना में मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि हमने हिमाचल में सभी महिलाओं को चुनावी वायदे के मुताबिक 1500 रुपए प्रति महिला देना शुरू कर दिया है और एक आंकड़ा जारी कर कहा कि दो लाख 87 हज़ार महिलाओं को ये मासिक पेंशन दे दी है जबकि ये पूरी तरह झूठ है। मुख्यमंत्री झूठा प्रचार कर बिहार की जनता को प्रलोभन देना चाहते हैं जिसके लिए उन्हें कांग्रेस पार्टी ने दबाव बनाया है जबकि जनता सब जानती है कि उन्होंने झूठ बोलकर हिमाचल में सत्ता हथियाई है और अब बिहार जाकर जनादेश चुराने का प्रयास कर रहे हैं जिसमें वे कभी सफल नहीं होने वाले हैं। इस दौरान उनके साथ भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, राज्य महिला मोर्चा उपाध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला महामंत्री मांचली ठाकुर, भागीरथधरवाल किसान मोर्चा के नवनियुक्त राज्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
