Mandi-मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा राहत वितरण कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने आपदा में अपने परिवार को खो चुकी नितिका को 7 लाख रुपये का चेक प्रदान किया और 21 लाख रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि एक महीने बाद प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं।
उन्होंने 2023 और 2025 में आई आपदाओं का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार ने लोगों तक राहत पहुंचाने का पूरा प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि वह एक आम परिवार से मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं, इसलिए वह लोगों का दर्द समझ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार झूठ नहीं बोलती।सुक्खू ने आरोप लगाया कि अनिल शर्मा के साथ सौतेला व्यवहार किया गया और उनका नाम पट्टिका में भी नहीं लिखा जाता था। उन्होंने भाजपा के नौ विधायकों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें भी इस राहत वितरण कार्यक्रम में आकर देखना चाहिए था कि सरकार कैसे काम कर रही है, बजाय इसके कि वे रोज बयानबाजी करते रहें।
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर की जिम्मेदारी थी कि वे आज आपदा प्रभावित परिवारों के साथ इस समारोह में भाग लेते, लेकिन वे सिर्फ निमंत्रण का रोना रो रहे हैं। सुक्खू ने कहा कि उन्हें लोगों का दर्द या पीड़ा नहीं है, सिर्फ बयानबाजी करनी है।उन्होंने जोर देकर कहा कि आपदा में राजनीति नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की थी, जिसके लिए प्रदेश सरकार नड्डा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के पास जाने को तैयार थी, लेकिन अभी तक कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है।
