मंडी-सर्व देवता सेवा समिति जिला मंडी कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष शिव पाल शर्मा की अध्यक्षता में संस्कृति सदन/देव सदन कांगनी में आयोजित की गई। इस बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। सर्व देवता सेवा समिति ने प्रस्ताव पारित किया कि शिवरात्रि मेले के दौरान कोई भी देवी-देवता अपना स्थान छोड़ कर मेले से धाम के लिए नहीं जाएंगे।
क्योंकि धाम में जाने से श्रद्धालुओं को मेले में देवताओं के दर्शन नहीं हो पाते हैं।इस दौरान कारदारों ने मांग रखी कि देवी-देवताओं को चाननी की बाई तरफ से लेकर सीढिय़ों तक जहां देवी-देवता शिवरात्रि के दौरान बैठते हैं वहां पर जिन देवी-देवताओं को अभी बैठने को स्थान नहीं मिला है उन देवताओं को वहां बैठने की जगह दी जाए और साथ ही पैगोड़ा शैली के तंबू जहां -जहां देवी-देवता बैठते हैं, वहां लगाए जाएं। इसके अलावा गैर पंजीकृत देवी-देवताओं को पड्डल मेंं बैठने के लिए अंतिम जातर में चौहाट्टा बाजार की तरह अलग स्थान दिया जाए ताकि श्रद्धालुओं को देवी-देवताओं के दर्शन करने के लिए कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। इस दौरान कारदारों ने डीसी से आग्रह किया कि दस बिस्वा भूमि के जो मामले रह गए हैं उनको भी शीघ्र पूरा किया जाए। समस्त कारदारों ने कहा कि आम जनता की शिकायत है कि कुछेक देवी-देवताओं के कारदार देवताओं को चलते दौर पर घर बुलाने पर आधा घंटा बैठने के लिए चाय पानी देते हैं ।
उनसे भारी मात्रा मेंं रकम ली जा रही है और एक दिन में ऐसे ही कई प्रोग्राम किए जाते है। जिससे देवताओं की आस्था खत्म हो रही है और श्रद्धालुओं पर भी बोझ पड़ रहा है। धाम पर जाने से जो श्रद्धालु देवी-देवताओं के दर्शन के लिए आते है उनको देवताओं के दर्शन नहीं हो पाते है। यह प्रस्ताव पास किया गया कि कारदार ऐसी शिकायतों को दूर करें जिस से श्रद्धालुओं की भावना को ठेस न पहुंचे और देवी-देवताओं की मर्यादा को देखते हुए कार्य करें अन्यथा ऐसी शिकायत आने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। क्योंकि कोई भी देवी-देवता पैसा नहीं मांगता है। समिति अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने कहा कि देवता अगर भंडार से श्रद्धालुओं के बुलावे पर धाम के लिए जाता है तो उसकी व्यवस्था कारदार श्रद्धालुओं को देखते हुए करें। समस्त कारदारों ने डीसी से आग्रह किया कि आज के समय महंगाई को देखते हुए जो राशन भत्ता दिया जा रहा है यह लगभग 10-12 साल से दिया जा रहा है। जबकि महंगाई इससे कई गुना अधिक बढ़ गई है और जो देवी-देवताओं के साथ कारकून आते हैं और देवता के साथ ठहरते हैं उनको देवता के भंडार से खर्च करना पड़ रहा है। इसलिए 50 फीसदी राशन भत्ता बढ़ाया जाए।इस बैठक में भीम चंद सरोच वरिष्ठ उप प्रधान, राजू राम, मोहन लाल, तीर्थ राज, गोबिंद ठाकुर उप प्रधान, रेवती राम मुख्य सलाहकार, खीमा राम ,युद्ध कुमार, भगत राम, डीक पाल शर्मा, सलाहकार तोलू राम, लेख राज पटियाल, संगठन सचिव किशोरी लाल, रमेश कुमार, गिरधारी लाल, हरीश कुमार व इंद्र सिंह आदि आदि मौजूद रहे।
