मंडी: मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के सरोआ में ‘सेतु’ सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें मातृ शक्ति के अदम्य साहस और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस विशेष अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. साधना ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और अपने अत्यंत भावुक व प्रेरणादायी संबोधन से उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित होकर पारंपरिक खेलों का विधिवत् शुभारंभ किया और महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस तरह के आयोजनों की सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां रहीं, जिसमें सराज की दुर्गम पहाड़ियों में बसने वाली महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और स्फूर्ति का प्रदर्शन कर समाज को अपनी शक्ति का अहसास कराया। यहां रस्साकसी, म्यूजिक चेयर और गीत संगीत जैसी गतिविधियां ख़ास आकर्षण रही। डॉ. साधना ठाकुर ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति और शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि नारी संवेदनाओं की प्रतिमूर्ति है और किसी भी राष्ट्र की प्रगति का पैमाना वहां की महिलाओं की स्थिति से ही मापा जाता है। हमारे देश में जहां कन्याओं को देवी स्वरूप पूजा जाता है, वहां महिलाओं का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। उन्होंने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के बोध पर बल देते हुए कहा कि एक आदर्श परिवार के निर्माण में महिला की भूमिका आधारस्तंभ की होती है और आने वाली पीढ़ी को मिलने वाले संस्कार व परवरिश का प्राथमिक स्रोत माता ही है। सराज की महिलाओं की संघर्षगाथा का जिक्र करते हुए वह भावुक हो उठीं और उन्होंने कहा कि यहां की बहनों ने दशकों तक अपनी पीठ पर भारी बोझ ढोकर परिवारों का पालन-पोषण किया है, और उन्हीं के कठिन परिश्रम व अटूट संघर्ष के परिणामस्वरूप आज सराज का नाम पूरे प्रदेश में गौरव के साथ लिया जाता है। उन्होंने आधुनिक दौर में सराज के बदलते स्वरूप पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आज हर गांव सड़कों से जुड़ चुका है जिससे आवागमन सुगम हुआ है और अब यहां की बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाकर स्वावलंबी बन रही हैं। इस गौरवमयी उत्सव में विशिष्ट अतिथि के रूप में दयावंती, लज्जू देवी, टीना ठाकुर, अमरावती, गायत्री ठाकुर, देसू देवी, निर्मला, एकता और रजनी ठाकुर सहित क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों की सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि द्वारा खेलकूद प्रतियोगिताओं की विजेता महिलाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंडलों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण उत्सव के रंग में सराबोर हो गया और यह आयोजन ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास व सशक्तिकरण का एक जीवंत प्रतीक बनकर उभरा।
