Oplus_16908288
मंडी: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने मंडी से जारी बयान में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल और डीजल पर भारी टैक्स और सेस लगाकर आम जनता की जेब पर सीधा हमला करने का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुख सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर ₹5 प्रति लीटर तक का अतिरिक्त ‘सेस’ लगाकर महंगाई को और बढ़ा दिया है। इससे प्रदेश में ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आम आदमी, किसान, ट्रांसपोर्टर व छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।अजय राणा ने कहा कि इस टैक्स बढ़ोतरी के कारण हिमाचल में पेट्रोल और डीजल की कीमतें पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से अधिक हो गई हैं, जिससे सीमावर्ती जिलों के व्यापार और परिवहन क्षेत्र को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से फल, सब्जी, दूध जैसी आवश्यक वस्तुएं महंगी हो रही हैं और महंगाई का सीधा बोझ जनता पर डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने आर्थिक कुप्रबंधन को छिपाने के लिए लगातार टैक्स बढ़ा रही है, जबकि जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
मोदी सरकार: वैश्विक संकट में भी राहत का कवच
वैश्विक संकट और तेल कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद केंद्र की मोदी सरकार ने ऊर्जा विविधिकरण को मजबूत कर देश को राहत देने का काम किया है। विभिन्न ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देकर अंतरराष्ट्रीय महंगाई का असर आम जनता तक पहुंचने नही दिया गया। आज के समय में कई देशों में तेल की कीमत दोगुनी हो गई है l मगर तेल की बढ़ती कीमतों के बीच भी भारत सरकार ने समय-समय पर कदम उठाकर आम उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रयास किया है। यही कारण है कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत ने आर्थिक संतुलन बनाए रखा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण प्रदेश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और सरकार अपनी नाकामियों का बोझ जनता पर डाल रही है।उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार तुरंत पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त टैक्स और सेस को वापस ले, ताकि आम जनता को महंगाई से राहत मिल सके।
