मंडी – हिमाचल प्रदेश बार कौंसिल के चुनावों का मतदान जिला एवं सत्र न्यायालय में सोमवार को शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। जिला न्यायालय के कुल 96 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। सोमवार सुबह 10 बजे से ही जिला न्यायालय में प्रदेश बार कौंसिल के चुनावों के लिए मतदाता अधिवक्ताओं की कतार लगनी शुरू हो गई।
प्रदेश बार कौंसिल के 18 सदस्यों के चुनाव के लिए प्रदेश भर के अधिवक्ताओं ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। उल्लेखनीय है कि बार कौंसिल के इन चुनावों में पहली बार महिलाओं सदस्यों के छह पद आरक्षित रखे गए हैं। जिनमें से चार महिलाओं का चुनाव मतदान से जबकि दो महिला सदस्यों का चयन मनोनयन के आधार पर होगा। प्रदेश भर के करीब 8000 सदस्य अधिवक्ता इस चुनाव के मतदाता थे। जिला न्यायालय के सहायक चुनाव अधिकारी मयूर प्रकाश शर्मा ने बताया कि मंडी न्यायालय में मतदान बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। मंडी के 410 सदस्य अधिवक्ताओं में से 383 अधिवक्ताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया। मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम को पांच बजे तक जारी रही। प्रदेश बार कौंसिल चुनाव के लिए उच्च न्यायालय सहित प्रदेश भर के विभिन्न न्यायालयों के 45 अधिवक्ता चुनाव मैदान में उतरे हैं। जिसके लिए सभी न्यायालयों में सोमवार को मतदान प्रक्रिया सम्पन्न की गई।
प्रदेश उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता मनोहर लाल शर्मा जिला न्यायालय में मतदान करने वाले सबसे ज्यादा उम्रदराज (96) अधिवक्ता थे। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार पाठक मतदान करने के लिए व्हील चेयर पर मतदान केन्द्र पहुंचे। उनके सुपुत्र अधिवक्ता तरूण पाठक भी इस चुनाव में भाग ले रहे हैं।बार कौंसिल के चुनाव की प्रक्रिया अन्य चुनावों से भिन्न होती है। इन चुनावों में हर मतदाता 18 प्रत्याशियों को वरीयता के हिसाब से मतदान कर सकता है। प्रथम वरीयता वाले ज्यादा मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशी को निर्वाचित घोषित किया जाता है।
