स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक
मण्डी 13 मई
आज दिनांक 13 मई 2026 को कांफ्रैंस हॉल मुख्य चिकित्सा अधिकारी मण्डी में उपनिदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डा. राजेश गुलेरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मूल्यांकन सूचक आंकलन कि बैठक हुई।
इस अवसर पर उप निर्देशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डा. राजेश गुलेरी ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक योजना की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा सामने आ रही चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होने विशेष रूप से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, क्षय रोग उन्मूलन अभियान,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान तथा गैर संचारी रोगों की रोकथाम से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों को समर्पित भाव से कार्य करना होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान के तहत कोई भी पात्र बच्चा छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण जल्द से जल्द सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं को परिवार नियोजन के लाभ समझाने, जननी सुरक्षा योजना का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने व गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल कार्यक्रम के तहत आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जाने वाले सात दिवसीय दौरों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बच्चों में पोषण व महिलाओं में अनीमिया को दूर करने की दिशा में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई गई। कुष्ठरोग, तम्बाकू मुक्त हिमाचल, क्षय रोग के नियंत्रण के बारे में शिविर लगवाने और गैर संचारी रोगों के बारे में चर्चा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दिनेश ठाकुर ने बताया कि उप निर्देशक डॉ राजेश गुलेरी ने बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी लक्ष्यों को लेकर निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. अरिंदम राय , डॉ पवनेश जिला कार्यक्रम अधिकारी, डा. प्रीति ठाकुर, श्री प्यारे चौहान सहायक नियंत्रक वित्त, खंड चिकित्सा अधिकारीयों डॉ पुष्प राज, डॉ राकेश रोशन भारद्वाज, डॉ पियूष वैद्य, डॉ शेखर कपूर, डॉ अनिल कुमार, डॉ अजय वर्मा, डॉ धर्मपाल, डॉ विजय कुमार, डॉ लाल सिंह, डॉ गोपाल चौहान, डॉ संजय गुप्ता, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ चमन सिंह डॉ संजीव डॉ विकास नाथ, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी लोक सिंह नेगी तथा विभाग के अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
