मंडी-उपायुक्त ने बताया कि 15 अगस्त, 2026 को सेरी मंच पर जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हर वर्ष की भांति पूरे हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि इंदिरा मार्केट परिसर में स्थित शहीद स्मारक तथा सेरी मंच के नजदीक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके उपरांत वे सेरी मंच के सामने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी लेंगे। उन्होंने बताया कि मार्च पास्ट में हिमाचल प्रदेश पुलिस, गृह रक्षक पुरूष एवं महिला, एनसीसी तथा स्थानीय पाठशालाओं के विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने मार्च पास्ट की संयुक्त रिहर्सल के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। राष्ट्रीय गान गृह रक्षक बैंड इकाई द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे,साथ ही नशामुक्ति पर आधारित जागरूकता से संबंधित प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसके लिए उन्होंने जिला भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।उन्होंने नगर निगम मंडी को समारोह के दौरान सेरी मंच, गांधी चौक, शहीद स्मारक सहित आस-पास सफाई की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं संबंधित विभागों को मुख्य स्थलों पर साज-सज्जा, रंगोली, पेयजल व विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बैठने की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने मंडी स्थित सभी विभागाध्यक्षों तथा कर्मचारियों से राष्ट्रीय महत्व के इस समारोह में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि देश की आजादी में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर हम सभी उनके प्रति समर्पित भाव से अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर सकें।बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, आदेशक गृह रक्षक पुनीत रघु, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, उपमंडलाधिकारी (ना.) चंद्र प्रकाश, सहायक आयुक्त के.एस. पटियाल सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
-0-
