मंडी-सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला मंडी द्वारा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एसएफआई (SFI) के गुंडों द्वारा विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर किए गए हमले के विरोध में ज़ोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। विभाग सोशल मीडिया संजोयक रोहित कुमार ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन मण्डी जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं, छात्रों और समर्थकों ने भाग लिया। विद्यार्थी परिषद जिला मण्डी के कार्यकर्ताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि छात्र राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएफआई (SFI) के गुंडों ने योजनाबद्ध तरीके से विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। जिससे कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
इस घटना के बाद जब विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन के पास इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो पुलिस प्रशासन द्वारा इस मामले में एकतरफा कार्यवाही की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा केवल विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर ही कार्यवाही की गई है और एसएफआई (SFI) के गुंडों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। एसएफआई (SFI) के गुंडे अभी भी विश्वविद्यालय परिसर में खुलेआम घूम रहे हैं और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को धमकियां दे रहे हैं। परंतु पुलिस प्रशासन द्वारा उन पर कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है।पुलिस प्रशासन द्वारा की गई यह एकतरफा कार्यवाही न केवल निंदनीय है बल्कि यह प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करती हैं। विद्यार्थी परिषद पुलिस प्रशासन से यह मांग करती है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए और विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
