भगवान परशु राम ने धरती पर पनप रहे अधर्म के नाश के लिए अपना फरसा उठाया था । मंडी में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष हरीश शर्मा ने हवन यज्ञ पूजा करने के बाद यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को जिला मंडी की धार्मिक संस्थाओं की ओर से बाजार में शोभायात्रा निकाली गई। छोटी काशी मंडी में मंदिरों व संस्कार परिसरों में हवन यज्ञ के बाद भंडारों का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि दोपहर 11 बजे छोटी काशी मंडी शहर के संस्कार भवन जेल रोड में हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण सभा सदर इकाई की ओर से आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। ब्राह्मण सभा द्वारा संस्कार भवन में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की आत्मा शांति की प्राथना की गई और उनके परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की गई। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पहलगांव में आतंकी हमला हुआ वह भी एक अधर्म की कड़ी है। निहत्थे और धर्म पूछ कर उन्हें मारा गया उससे बड़ा अधर्म कोई नहीं है। यह तो सर्व विदित है कि कलियुग में भगवान विष्णु कल्कि अवतार लेंगे और अधर्म का नाश करेंगे मगर जो घिनौनी हरकत अब हुई है उसको देखते हुए हर घर से पाप का नाश करने वाले भगवान परशुराम भक्त निकलने होंगे। इस अवसर पर डॉ. ओम राज शर्मा, प्रकाश चंद्र, गीतांजलि, चंपा शर्मा, माया, मुरारी लाल, पुष्पराज कात्यायन आदि की मौजूदगी में परशुराम की प्रतिमा का जलाभिषेक किया। इस दौरान संस्कार भवन में भगवान परशुराम की कांस्य मूर्ति भी स्थापित की गई। कार्यक्रम में नगर निगम मण्डी के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा भी मौजूद रहे उन्होंने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी। परशुराम जयंती पर निकली गई शोभा यात्रा में माता महाकाली पुरानी मंडी और माता चामुंडा स्कूल बाजार मंडी ने भी अपने भक्तों के साथ देव वाद्य यंत्रों के साथ शिरकत की। इसके उपरांत पूरे शहर में शोभायात्रा निकाली गई जिसमें भगवान परशुराम राम की महिमा का गुणगान किया गया। जिसमें सैंकड़ों भक्तों ने भाग लिया। उधर बल्ह घाटी के नेरचौक में भी भगवान परशुराम की जयंती मनाई गई । बल्ह इकाई के प्रधान गोपाल शर्मा ने बताया कि भगवान परशुराम की पूजा अर्चना की गई तथा हवन यज्ञ करने के बाद शोभा यात्रा भी निकली गई।यही नहीं जिला भर में भगवान परशुराम की जयंती धूमधाम से बनाई गई।
