ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर, युद्ध सेवा मेडल, अध्यक्ष, पूर्व सैनिक लीग, जिला मंडी व कार्यकारीणी के सभी सदस्य एक मत और सर्व सहमति से भारत सरकार व भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा पाकिस्तान पर किए गए “ऑपरेशन सिंदूर” को आगे भी जारी रखने के निर्णय का भरपूर समर्थन करते हैं l कार्यकारिणी ने सभी पूर्व सैनिकों को, यह निर्देश दिए हैं कि इस वक्त जब राष्ट्र को हम सैनिकों की सबसे ज्यादा जरूरत है, हम एकजुट रहें, लीग के साथ जुड़कर अपने सैनिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें, असामाजिक व देशद्रोही तत्वों पर पैनी नजर रखें, इस पर अपने आसपास समाज के अन्य नागरिकों को भी जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की गलत सूचनाओं से सावधान रहें l
पाकिस्तान के लगभग, पूरे एयर डिफेंस सिस्टम को तहस-नहस करने, व कई शहरों के मिलिट्री एस्टेब्लिशमेंट को नुकसान पहुंचाने पर, हम संपूर्ण पूर्व सैनिक समाज, अपनी सशस्त्र सेनाओं के शौर्य की प्रशंसा और उनका हिस्सा होने पर गर्व का अनुभव महसूस करते हैं l पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को बर्बाद करना, कई हवाई जहाजों को गिराना, पायलट का जिंदा पकड़ा जाना, पाकिस्तान के लिए भारत का साफ संदेश है कि वह अभी भी अपनी औकात में रहे और ऐसी भूल दोबारा ना करें l
लेकिन हम जानते हैं कि पाकिस्तान के यह लातों के भूत बातों से नहीं मानेंगे l हम सब पूर्व सैनिक एकमत से भारत सरकार और सशस्त्र सेनाओं द्वारा उठाए जाने वाले किसी भी कदम के लिए साथ खड़े हैं और यह यकीन दिलाते हैं कि हम अपनी आखिरी सांस तक भारत के लिए लड़ते रहेंगे l
हम सब पूर्व सैनिक, एक मत से, भारत सरकार व सशस्त्र सेनाओं का, पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए तहे-दिल से धन्यवाद व्यक्त करते हैं l
