मंडी-मंडी जिले में मानसून की मार एक बार फिर देखने को मिली है। मंडी से महज 4 किलोमीटर दूर मनाली फोरलेन पर हुए भारी भूस्खलन के चलते यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। शनिवार को हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एनएच-21 के इस हिस्से पर अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मंडी सदर थाना प्रभारी देश राज अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। उन्होंने तत्काल ट्रैफिक को दोनों ओर से रोकने के आदेश दिए और सुरक्षा के लिहाज से मौके पर बेरिकेडिंग करवाई। पुलिस की तत्परता से मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है l
थाना प्रभारी देश राज ने बताया कि प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है, इसलिए जब तक पूरा मलबा हटाकर सड़क को सुरक्षित नहीं बना लिया जाता, तब तक यातायात बंद रहेगा।स्थानीय प्रशासन और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। मलबा हटाने में समय लग सकता है क्योंकि पत्थर काफी बड़े हैं और सतत बारिश कार्य को बाधित कर रही है। वहीं पर्यटकों को पहले से ही सतर्क कर दिया गया है और होटल एसोसिएशन के माध्यम से सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं।इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के दौरान सतर्कता कितनी आवश्यक है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया, जिससे जान-माल की हानि नहीं हुई। लेकिन यह चेतावनी जरूर है कि आने वाले दिनों में और भी सावधानी बरतनी होगी।
