मंडी : मंडी जिला की निहरी तहसील की बोई पंचायत के ब्रगटा गांव में देर रात भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन ने तीन की मौत हो गई है जबकि 2 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मकान पर गिरी विशालकाय चट्टानों और मलबे में दबे परिवार के तीनों सदस्यों के शव मंगलवार सुबह बरामद कर लिए गए।
मृतकों में दो महिलाएं और आठ माह का मासूम बच्चा शामिल है जिनकी पहचान 64 वर्षीय तांगू देवी, 33 वर्षीय कमला देवी और उनका 8 वर्षीय बेटा भीष्म शामिल है। मलबे से 65 वर्षीय खूब राम और 58 वर्षीय दर्शन देवी को सुरक्षित निकाला जा सका।घटना की जानकारी मिलते ही निहरी पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। डीएसपी सुंदरनगर भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने तीनों की मौत की पुष्टि की है।उपमंडल अधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी कहा कि लगातार बारिश के चलते इलाके में कई जगह भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध होने की सूचना मिल रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवार को तुरंत राहत सामग्री और अस्थायी आवास की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को गंभीरता से लें और संवेदनशील क्षेत्रों से फिलहाल दूर रहें।बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, परिवार गहरी नींद में था और देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में पुलिस की मदद की। फिलहाल क्षेत्र में लगातार बारिश जारी है जिससे राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। इधर मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन भी मौके पर पहुंच गए हैं जिन्हें रास्ता बंद होने के चलते नंगे पैर ही कीचड़ से चलते हुए आगे निकलना पड़ा।
