मंडी-सराज के आपदा प्रभावितों को बल्ह लीग के पूर्व सैनिकों ने 2 लाख 20 हजार की राहत राशि वितरित की है। बल्ह लीग द्वारा ’’थुनाग आपदा राहत कमेटी’’ का गठन किया गया था। पूर्व सैनिकों ने आपसी सहयोग से धनराशि एकत्रित की और सराज लीग के द्वारा चयनित किए गए 22 परिवारों को यह राहत राशि वितरित की गई। बल्ह लीग ने शुक्रवार को सराज के थुनाग पहुंचकर चयनित किए गए प्रभावितों के नुकसान का स्वयं मौके पर जाकर जायजा लिया। उसके बाद सभी आपदा प्रभावितों को एक स्थान पर एकत्रित करके प्रति परिवार 10-10 हजार के चैक बांटे गए। बल्ह लीग ने आपदा प्रभावितों को भविष्य में भी और मदद देने का भरोसा दिलाया है। इस मौके पर बल्ह लीग के चेयरमैन कैप्टन महेंद्र सिंह राणा, सचिव कैप्टन मेघ सिंह चंदेल, कैशियर हव. बलदेव सिंह गुलेरिया, सह सचिव हव. गुर सिंह ठाकुर, कैप्टन स्वर्ण कुमार शर्मा, सुबेदार मेजर कुलदीप सिंह गुलेरिया, हव. जय चंद गुलेरिया और हव. भरत राज उपस्थित रहे।
