पांच छह नवंबर को मंडी में होगा मांडव उत्सव, देखने को मिलेगी लोक संस्कृति की झलक, माधोराय की अगुवाई में निकलेगी शोभायात्रा, ब्यास नदी के बीचों बीच स्थित मांडव शिला तक जाएगी
मंडी-मांडव ऋषि की तपोभूमि छोटी काशी मंडी में पांच व छह नवंबर को मांडव उत्सव मनाया जाएगा। मंडी नगर निगम इसका आयोजन करेगा। बीते साल इसकी शुरुआत की गई थी। इसे लेकर शनिवार को नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें मंडी नगर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि व गणमान्य लोग शामिल हुए। इस बैठक में मांडव उत्सव की रूप रेखा तैयार करके इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई।
वर्णित इतिहास के अनुसार मण्डी नगर माण्डव्य ऋर्षि की तपोस्थली रहा है और इन्ही महर्षि के नाम से नगर का नाम मण्डी पड़ा है। नगर निगम ने लोक संस्कृति को संरक्षित रखने के इस तरह के आयोजन करने का बीड़ा उठाया है। निगम के आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा नगर की समस्त धर्मसंस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं, स्कूली बच्चों, महिला समूहों व आमजनमानस के सहयोग से इस ऐतिहासिक महोत्सव को मनाने जा रहा है। इसी कड़ी में कार्यक्रम कोे अंतिम रूप देने के उदेश्य से शनिवार को शहर के समस्त प्रबुद्धजन धर्मसंस्थाएं, समाजिक संस्थाएं, व्यापार मण्डल आदि सभी के साथ बैठक कर महोत्सव का कार्यक्रम तय किया गया।तय कार्यक्रम के अनुसार पांच नवंबर को प्रातः 10ः15 बजे राज माधवराय जी के पूजन उपरांत बाबा भूतनाथ मंदिर में पूजा अर्चना होगी और उसी क्रम में सेरी मंच से शोभायात्रा निकाली जाएगी जो कि पडडल गुरुद्वारा से होकर विपाशा तट पर मौजूद माण्डव्य शिला तक जाएगी। शिला पूजन होगा व यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। भजन कीर्तन का भी आयोजन भी ब्यास नदी की लहरों के स्वरों के साथ किया जाएगा। इस उपलक्ष में गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी मण्डी द्वारा सतगुरू गोबिन्द सिंह जी गुरूद्वारा में लंगर का आयोजन किया जाएगा।6 नवंबर को संध्याकालीन कार्यक्रम भी होंगे। इनमें सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का।आयोजन,स्वच्छता कार्यक्रम व मैराथन, योग आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।
इस बैठक में पार्षदगण अलकनंदा हांडा, योगराज, सुदेश कुमारी, श्रीमती निर्मल वर्मा, श्री यंशकांत कश्यप, श्री दर्शन ठाकुर, संजय शर्मा, नगर आयुक्त रोहित राठौर, अतिरिक्त आयुक्त विजय कुमार, अनुभाग अधिकारी राकेश गुलेरिया व गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।