मंडी-नगर निगम मंडी की साधारण बैठक शुक्रवार को महापौर वीरेन्द्र भट्ट शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत बोर्ड एवं जलशक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना तथा जनहित से जुड़ी प्राथमिक समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु ठोस निर्णय लेना था।सर्वप्रथम नगर आयुक्त रोहित राठौर ने फोरलेन निर्माण कार्यों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा प्रभावित वार्ड नम्बर-1, खलियार, छिपणू से भ्यूली तक बस शेल्टर, क्लवर्टस, आरसीसी नाली, पेवर ब्लॉक ब्रेस्ट वॉल, रिटेनिंग वॉल क्रिट वॉल के लिए 6.5 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। यह कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। जिससे आवागमन सुचारू हो सके तथा स्थानीय जनता को हो रही असुविधाओं में कमी आए। इसके निगम द्वारा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता ने ‘पीएम सूर्य घर मुफत योजना’ जिसे ग्रीन एनर्जी व स्वच्छ उर्जा भी कहा जाता है पर विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक में इस योजना को प्रोत्साहित करने के लिए निर्णय लिया गया कि जो नागरिक अपने घरों में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करेंगे, उन्हें नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स में विशेष छूट प्रदान की जाएगी। इसके अन्तर्गत 3 के.वी. तक सोलर सिस्टम लगाने के लिए 1,85,000 के लगभग खर्च है।
जिसमें 85000 अनुदान मिलता है। आनलाईन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऊर्जा आपूर्ति को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से विद्युत बोर्ड ने बताया कि 25 करोड़ रुपये की परियोजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में लगाए गए कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को उन्नत कर 33 के.वी. क्षमता में परिवर्तित किया जाएगा।स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत लगभग 3 करोड़ की लागत से निगम जलशक्ति विभाग द्वारा इंदिरा मार्केट में गंदे पानी की निकासी की समस्या को हल करने के लिए शीघ्र ही एक नई ड्रेन का निर्माण करवाएगा। इसके अतिरिक्त, आपदा की स्थिति में निरंतर पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम प्रत्येक वार्ड में ऐसे संभावित जल स्रोतों की पहचान करेगा, जिनसे आपदा के दौरान नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जा सके। जिसके लिए लगभग 3 करोड़ रुपए की धनराशि निगम द्वारा वहन की जाएगी।बैठक में आयुक्त ने अवगत करवाया कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का आकलन पूरा कर लिया गया है। निगम द्वारा तैयार की गई प्रारम्भिक परियोजना रिपोर्ट लगभग 36 करोड़ रुपये की है।जिसे आगे आवश्यक अनुमोदन हेतु प्रेषित किया जाएगा।
फरवरी माह में शिवरात्री के दौरान विधिवत रूप से यू- मॉल में प्रस्तावित लगभग 600 गाड़ियों की पार्किंग का उदद्याटन कर जनता को सर्म्पित किया जाएगा।
एस.सी.डी.पी. के तहत 55 लाख की धनराशि विकास कार्याें के लिए नियमानसुार आबंटित कि जाएगी।
निगम अपनी आर्थिकी को और अधिक मजबूत करने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित खाली स्थानों का सर्वेक्षण कराएगा। सर्वेक्षण के आधार पर उपयुक्त स्थानों को चिन्हित कर वहां पर व्यवस्थित पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जाएगा। नए पार्किंग स्थलों के निर्माण से जहां शहर में यातायात व्यवस्था सुगम होगी, वहीं निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
नगर निगम आयुक्त ने सदन को अवगत करवाया कि विगत दिनों में निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्राधिकार में चिन्हित हॉट स्पॉट की सफाई हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न हॉट स्पॉट स्थलों की विस्तृत सफाई की जा रही है तथा कचरे को टनों के हिसाब से अलग-अलग वर्गीकृत कर उसका वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निष्पादन किया जा रहा है।आयुक्त महोदय ने कहा कि नगर निगम स्वच्छता के स्तर को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आगामी दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रखेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता कार्यों में निगम का सहयोग करें।
नगर निगम द्वारा ई.सिद्वार्थ व ई.रिषभ कनिष्ठ अभियंता, गोपाल, सतीश गुलेरिया, करण शर्मा, गुरदेव, नरेन्द्र, कमल राज, नीरज, जितेन्द्र पटयाल, विनय कुमार, हरीश शर्मा व वरूण भारद्वाज को उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। आयुक्त महोदय ने कहा कि नगर निगम आगामी समय में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा सके तथा कार्य के प्रति सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे।इस अवसर पर उपमहापौर माधूरी कपूर, अलकनंदा हांडा, सोमेश उपाध्याय, राजेन्द्र मोहन, योगराज, वीरेन्द्र सिंह आर्य, सुदेश कुमारी, हरदीप सिंह, नेहा कुमारी, निर्मल वर्मा, दीपाली जसवाल, कृष्ण भानू, अंजय कुमारी, नीतिन भाटिया, यशकांत कश्यप, संजय शर्मा, राकेश गुलेरिया व अन्य विभागों से आए वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
