मंडी-सराज के परवाड़ा क्षेत्र के गांव ज्वालगला में नुप सिंह का दो मंजिला मकान आग की भीषण लपटों की चपेट में आ गया। इस हादसे में छह कमरों का दो मंजिला मकान और उसके साथ लगती दो गौशालाएं आग की भेंट चढ़ गईं। घटना में मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। आग कैसे लगी, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
उल्लेखनीय है कि इस आगजनी में तीन गायें और 12 बकरियां भी जलकर मर गईं। ग्रामीणों ने बताया कि रिहायशी मकान के साथ मौजूद दोनों गौशालाएं भी पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस भीषण आग से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग गोहर स्थित चैलचौक और दमकल विभाग थुनाग को दी, जिसके बाद दोनों स्थानों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके के लिए रवाना हो गईं।
