मंडी- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशाल ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि वह किस बात का जश्न मना रही है, क्या यह युवाओं को 5 लाख नौकरी देने के झूठे वादे या महिलाओं को 1500 रुपये देने की कोरी घोषणा का जश्न है।ठाकुर ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के दायरे को कम करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि यह विश्वविद्यालय वर्ष 2022 में मंडी में स्थापित हुआ था और हजारों छात्र-छात्राओं के लिए एक सौगात था।
दिसंबर 2022 में सत्ता परिवर्तन के बाद, वर्तमान सरकार ने इसके दायरे को सीमित कर दिया।सुक्खू सरकार ने मंडी विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कांगड़ा और चंबा के सभी महाविद्यालयों को फिर से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से जोड़ दिया। इसके परिणामस्वरूप, जो विश्वविद्यालय पहले 125 से 130 महाविद्यालयों को कवर करता था, वह अब केवल 44 महाविद्यालयों और दो जिलों तक ही सीमित रह गया है।विद्यार्थी परिषद ने मांग की है कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय का दायरा पुनः बहाल किया जाए। इसके साथ ही, विश्वविद्यालय की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया को पूरा कर एक स्थायी परिषद का निर्माण किया जाए।
विशाल ठाकुर ने विधानसभा घेराव के दौरान छात्राओं पर पुरुष पुलिस कर्मचारियों द्वारा लात-घूंसे चलाने की घटना की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की मानसिकता को दर्शाती है। परिषद ने इन पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
