मंडी-शुक्रवार को जिला मण्डी कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस की बैठक का आयोजन किया गया। मण्डी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी व युकां प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने बैठक ली। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष तरूण ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष निखिल ठाकुर और 10 विधानसभा के सभी अध्यक्ष, युवा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र ठाकुर ने कहा कि आज महंगाई ने तो पूरे देश में हर वर्ग के लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। अभी हाल ही में गैस सिलेंडर के दाम फिर से 50 रुपये बढ़ाए गए। थोड़ा सा पीछे मुड़कर देखें तो पिछले 10 सालों में लोगों को लगातार बेवकूफ बनाया गया और महंगाई में बढ़ोतरी हुई। गलत GST लगाया गया और ऐसी कोई वस्तु नहीं छोड़ी जिस पर GST न लगाया गया हो। बच्चों की कापी, पेन, पेनसिल, रबड़ से लेकर खाने की प्रत्येक सामग्री पर टैक्स लगाया गया। अपने उद्योगपति मित्रों का लाखों करोड़ का कर्ज माफ किया और आम जनता की जेब खाली की। जिस देश में अमृत काल ऐसा चल रहा हो कि 80 करोड़ जनता को 5 किलो राशन देना पड़ रहा हो, आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हैं कि विश्वगुरु बनने के कितने नजदीक हैं। आज अमेरिका हमारे देश पर 26% टैरिफ लगा रहा है। लेकिन उस पर पूरी केन्द्र सरकार खामोश है। भुखमरी में आज हम पड़ोसी देशों से भी निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं। लेकिन फिर भी इन मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही। रूपया आज 1 डालर के मुकाबले 87 पर पहुँच गया है। आज देश पर 216 लाख करोड़ का कर्ज है जो पिछले 70 साल में 55 हज़ार करोड़ था। मात्र 10 साल में इतना डंका बजा कि कर्ज 216 लाख करोड़ पहुँच गया। बड़े दुःख की बात है कि आज जनता को जाति और धर्म जैसे मुद्दों पर लड़ाया जा रहा और देश में लगातार जनता की काटने का काम किया जा रहा।प्रभारी मंडी संसदीय क्षेत्र व प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि हाल ही में मण्डी आई लोकसभा सांसद कंगना रणौत द्वारा नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गाँधी
और हिमाचल प्रदेश के युवा नेता लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर जवाब दिया। देव भूमि में साधारण मानव की तुलना भगवान से करना शर्म की बात पूरे प्रदेश व देव समाज के लिए है। कभी वे सुभाष चंद्र बोस को प्रथम प्रधानमंत्री बता देती है तो कभी किसानों पर टिप्पणी करती है। अब पता नहीं कब पिछली बार की तरह भाजपा कार्यालय से लिखित पत्र निकले कि हमारा इनके दिए गये ब्यान से कोई सरोकार नहीं है। पार्टी उनसे पता नहीं कब माफीनामा लिखवाए। भाजपा की प्रयोगशाला में ऐसे अनेक उत्पाद है। हम तो प्रार्थना करते हैं भगवान से सांसद को सदबुद्धि प्रदान करें।सांसद महोदया का मानसिक संतुलन शायद ठीक नहीं है। पहले भी उन्होंने देश को 2014 में आजा़द हुआ बताया। पहले मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता को बताए कि आप आपदा में कहाँ थी, जब बच्चों ने अपने गुल्लक तोड़े, प्रदेश की जनता ने एक – दुसरे की सहायता की, पर आपका तो उस दौरान Google Pay नहीं चला। खैर आपका निजी मामला है। पर यह जरूर बताए कि आपदा की सहायता राशि को लेकर आपने कितनी बार संसद में प्रश्न किया। महामानव की तरह हवाई बातें न करें। चुनाव खत्म हो चुके हैं अब अपना काम बताओ न कि फालतू की टिप्पणी करें।
