मंडी- सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, क्रयाश ट्रस्ट द्वारा बुधवार को मंडी की स्फेरा बस्ती और स्कूल बाजार के पास निर्माण स्थल क्षेत्र में माहवारी स्वच्छता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव और अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण के प्रति शिक्षित करना था।इस शिविर में लगभग 45 महिलाएं और किशोरियां सहभागी रहीं। उन्हें माहवारी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को तोड़ने, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाने और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से सैनिटरी अपशिष्ट के निस्तारण के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्रयाश ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा एवं डॉ. साक्षी सुपहिया ने किया। उनके साथ टीम के सदस्य अनिकेत गर्ग, सान्या सैनी, सिमरन, निशिता गुप्ता, युक्ता पठानिया, खुशबू गुप्ता, अक्षत मारवाह, अक्षिता जोशी, मान्या सोनी और राकेश शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई।स्वास्थ्य कार्यकर्ता राज भारती और SRDA NGO से निर्मला ने भी इस शिविर को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। साथ ही, Pinkishe Foundation (दिल्ली) द्वारा उपलब्ध करवाए गए सैनिटरी पैड्स के लिए क्रयाश ट्रस्ट ने उनका आभार व्यक्त किया। क्रयाश ट्रस्ट का मानना है कि माहवारी जैसे विषयों के प्रति जागरूकता केवल महिलाओं के स्वास्थ्य की दिशा में नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आवश्यक है। संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा ने बताया कि “एक बार देखा गया कि एक कुत्ता खून से सना सैनिटरी पैड खा रहा था। यह दृश्य हमें यह सोचने को मजबूर करता है कि सिर्फ सैनिटरी पैड का उपयोग करना पर्याप्त नहीं है, उसका सही निस्तारण भी उतना ही जरूरी है।इसी सोच से प्रेरित होकर यह शिविर आयोजित किया गया, जो एक सार्थक सामाजिक एवं पर्यावरणीय पहल के रूप में उभरा है।
