मंडी-अगर सरकार के पास भुगतान के लिए धन नहीं है तो प्रदेश सरकार और पीडब्ल्यूडी मंत्री श्वेत पत्र जारी करे। यह बात बुधवार को मंडी जिला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सुंदरनगर में आयोजित मंडी-कुल्लू कॉन्टैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष केशव नायक ने मीडिया से बातचीत के दौरान कही। इस मौके पर एसोसिएशन के सदस्यों ने एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की। केशव नायक ने कहा कि लोक निर्माण विभाग निर्माण गतिविधियों के लिए सबसे अग्रणी निष्पादन एजेंसियों में से एक है। उन्होंने कहा कि सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विंग से संबंधित कुल बकाया भुगतान 1500 करोड़ रुपए है, जिसका भुगतान एचपीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों द्वारा सभी अधिकारियों को बार-बार अनुरोध और नोटिस के बावजूद नहीं किया जा रहा है। वहीं ठेकेदारों को भुगतान करने के लिए बिलों की कुल राशि लगभग 900 करोड़ रुपए से अधिक है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं लाई गई और लंबित भुगतान जारी नहीं किए गए तो वे अब आत्मदाह करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ठेकेदारों की राशि का भुगतान नहीं किया जाता है तो आत्मदाह करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। केशव नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू एसोसिएशन के साथ वार्ता कर इस मामले का निपटारा किया जाए।
