मंडी-वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में मंगलवार को शहीदी दिवस का आयोजन भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) के सहयोग से बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनसीसी वायु सेना विंग, मंडी के फ्लाइट कमांडर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह द्वारा एनसीसी वायु सेना विंग एवं महाविद्यालय की ओर से शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर बीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने से हुआ।
इस अवसर पर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन और आईटीबीपी के सब-इंस्पेक्टर मुनी लाल ने संयुक्त रूप से वीर नारी श्रीमती बीना गुलेरिया को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने कहा जो ड्यूटी को सर्वोच्च मान्यता देता है, वही सच्चा प्रहरी कहलाता है।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने कहा शहीदों ने देश की एकता,अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने कार्य, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा से कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने बताया कि हर वर्ष 21 अक्टूबर को ‘पुलिस शहीदी दिवस’ उन बीर पुलिस कर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है जिन्होंने देश की सुरक्षा और जनता की सेवा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में गश्त के दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 10 जवान चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हो गए थे। उनके अदम्य साहस और बलिदान की याद में यह दिवस पूरे देश में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। “पुलिस बल केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और शांति की सच्ची प्रहरी है।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने बताया कि शहीद असिस्टेंट कमांडेंट सुरेंद्र पाल सिंह, जो वर्ष 1978 में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी के छात्र एवं एनसीसी कैडेट रहे थे, ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वीरगति प्राप्त की। उनका जीवन आज के विद्यार्थियों व कैडेटों के लिए एक प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर आईटीबीपी के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर मुनी लाल ने शहीद सुरेंद्र पाल सिंह की वीर गाथा कैडेटों, विद्यार्थियों एवं स्टाफ के साथ सांझा की। कार्यक्रम के उपरांत आईटीबीपी की ओर से एनसीसी कैडेटों, विद्यार्थियों और स्टाफ को मिठाई वितरित की गई।
कार्यक्रम में शहीद असिस्टेंट कमांडेंट सुरेंद्र पाल गुलेरिया की पत्नी वीना गुलेरिया, पुत्र आशीष गुलेरिया, पुत्रवधू कल्पना गुलेरिया, पोती माहीरा गुलेरिया, पोता विहान गुलेरिया सहित परिवारजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।इस अवसर पर फ्लाइट कमांडर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन, महाविद्यालय के कार्यालय अधीक्षक खुशहाल सिंह सहित स्टाफ सदस्यों ने शहीदी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।