मंडी-छोटी काशी मंडी में देवभूमि लाइब्रेरी की शुरूआत हो गई है। बुधवार को सोच फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी राजा सिंह मल्होत्रा ने इस लाइब्रेरी का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने लाइब्रेरी के संस्थापक एसएस ठाकुर और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।
राजा सिंह ने कहा कि यह लाइब्रेरी छोटी काशी के शिक्षा उत्थान में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगी। शहर के बीचों बीच स्कूल बाजार में एक शांत स्थान का चयन करना और वहां पर लाइब्रेरी को स्थापित करना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से इस लाइब्रेरी की सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह किया। लाइब्रेरी के संस्थापक एसएस ठाकुर ने बताया कि लाइब्रेरी में 108 लोगों के बैठने की क्षमता है। सभी के लिए अलग कैबिन का प्रावधान किया गया है जिसमें लैपटॉप आदि रखने की पूरी सुविधा है। हर कैबिन में अलग से पॉवर प्वाइंट दिया गया है। इसके साथ ही पुस्तकों, इंटरनेट, कंप्यूटर, अखबार, मैगजीन, वाई-फाई, सीसीटीवी, साफ सुथरे शौचालय और पीने के साफ पानी सहित सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास किया गया है। खास बात यह है कि यह लाइब्रेरी 24 घंटे खुली रहेगी। लोग अपनी सुविधा के अनुसार यहां कभी भी आकर पढ़ाई कर सकते हैं। इस मौके पर सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर रोहित सकलानी, नटराज डांस अकादमी के एमडी पवन और गोपाल सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
